शिप्रा नदी में विपक्ष के गंदगी के आरोपों के बीच आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले रामघाट पहुंचकर डुबकी लगाई. इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिप्रा नदी की पवित्रता पर प्रश्न उठाने वाले लोगों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि प्रश्न ना उठाएं, मां शिप्रा की पवित्रता बनी रहने दें.

बता दें कि लगभग एक सप्ताह पहले शिप्रा नदी में गंदे नाले का पानी मिलने पर कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी महेश परमार ने आपत्ति जताते हुए केंद्र और राज्य सरकार पर सवाल उठाए थे. वहीं शिप्रा नदी में डुबकी लगाने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत की.

सीएम ने कहा कि बाबा महाकाल की नगरी में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास है और शिप्रा के पावन तट पर स्नान करने का विशेष महत्व भी है. यहां की परंपरा है कि हम यहां डुबकी लगाकर इस तीर्थ का महत्व बढ़ाएं. उन्होंने कहा कि बड़ा दुख होता है, जब कभी-कभी कुछ लोग मां शिप्रा पर प्रश्न उठाते हैं.