नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने महरौली में 11 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के जघन्य आरोपी को एनकाउंटर में घायल कर दिया है. आरोपी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे मदन मोहन मालवीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी बबलू (कैब ड्राइवर) को महरौली के सीडीआर चौक ले जाया गया था, जहां से उसने बच्ची का अपहरण किया था. वहां आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनने की कोशिश की और भागने लगा. उसने पुलिस पर एक राउंड फायरिंग भी की. जवाब में महरौली थाने के SHO रितेश शर्मा की टीम ने दो राउंड फायर किए, जिसमें आरोपी को गोली लग गई.
जघन्य वारदात का खुलासा
आरोपी बबलू ने बच्ची का अपहरण करने के बाद पहले महरौली में कैब के अंदर दुष्कर्म किया. इसके बाद वह बच्ची को लेकर गुरुग्राम भाग गया, जहां उसने दोबारा दुष्कर्म करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद उसने ऐप के जरिए सवारी बुक कर सामान्य व्यवहार दिखाया. बच्ची का शव गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके के खुशबू चौक के पास से बरामद किया गया.
ऐसे पकड़ा गया आरोपी
बच्ची के पिता ने बताया कि रविवार देर रात सफेद रंग की कैब बार-बार चक्कर लगा रही थी. सुबह बच्ची गायब मिली तो शक उसी पर हुआ. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कैब कंपनी और ऐप डेटा की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और विकासपुरी से उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने पांच घंटे तक पुलिस को गुमराह किया, बाद में पूरा घटनाक्रम कबूल लिया.
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में पता चला कि बबलू बिहार का रहने वाला है. उसके खिलाफ बिहार में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह स्मैक और गांजा का नशेड़ी है और घटना के समय भी नशे की हालत में था. दिल्ली पुलिस इस मामले में तेजी से कार्रवाई कर रही है. बच्ची के परिवार को न्याय दिलाने के लिए जांच जारी है.