भाजपा के पूर्व विधायक पर यौन शोषण के आरोप, एक्ट्रेस ने BJP कार्यालय के सामने आत्मदाह की दी धमकी

Amanat Ansari 24 Nov 2025 12:13: AM 1 Mins
भाजपा के पूर्व विधायक पर यौन शोषण के आरोप, एक्ट्रेस ने BJP कार्यालय के सामने आत्मदाह की दी धमकी

नई दिल्ली: उत्तराखंड की ज्वालापुर विधानसभा से भाजपा के पूर्व विधायक पर बेहद गंभीर आरोप लगे हैं. सहारनपुर की एक टीवी सीरियल एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर रोते-बिलखते हुए एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उसने खुद को पूर्व विधायक की “दूसरी पत्नी” बताया और दावा किया कि पिछले चार साल से वह लगातार मानसिक, शारीरिक और यौन शोषण का शिकार हो रही है.

महिला ने वीडियो में फफक-फफक कर कहा, “मैं उसकी धर्मपत्नी हूं. कुछ दिन पहले उसने होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मुझे अपनी पत्नी बताया था, लेकिन अब कहता है कि उसकी सिर्फ एक ही पत्नी है. उसने मेरे मांग के सिंदूर को पांच रुपए का बताया. वह इंसान नहीं, भेड़िया है. मेरी पूरी जिंदगी बर्बाद कर दी. मैं अंदर से पूरी तरह टूट चुकी हूं.”

महिला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से सीधे गुहार लगाई है. उसने कहा, “आप लोग बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की बात करते हैं, लेकिन आपके ही एक पूर्व विधायक ने मेरी जिंदगी तबाह कर दी. मैंने हरिद्वार के SSP को लिखित शिकायत भी दी थी, पर कोई सुनवाई नहीं हुई.”

आगे रोते हुए उसने चेतावनी दी, “अगर मेरे साथ न्याय नहीं हुआ तो मैं देहरादून में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय के सामने आत्मदाह कर लूंगी. मैं ये वीडियो बनाना नहीं चाहती थी, लेकिन अब मेरी मजबूरी है.” वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

महिला ने पूर्व विधायक पर धोखे, शारीरिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने के आरोप लगाए हैं. मामला सामने आने के बाद अभी तक न तो आरोपी पूर्व विधायक की ओर से कोई प्रतिक्रिया आई है और न ही भाजपा ने कोई आधिकारिक बयान जारी किया है. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच शुरू कर दी गई है. महिला की जान को खतरा बताते हुए कई सामाजिक संगठनों ने तुरंत सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

BJP sexual harassment actress video actress allegations

Recent News