नई दिल्ली: बाबरी विध्वंस की 33वीं बरसी पर जैसे ही TMC के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में “नई बाबरी मस्जिद” की नींव रखी और लाखों की भीड़ के सामने 300 करोड़ की मस्जिद बनाने का ऐलान किया, ठीक उसी दिन भाजपा ने पलटवार कर दिया. पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने साफ-साफ घोषणा कर दी, “मुर्शिदाबाद में हम बहुत जल्द भव्य राम मंदिर बनवाएंगे. आज भी हमारे कार्यकर्ताओं ने वहाँ राम पूजा की है और आने वाले दिनों में भव्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह होगा.”
सुकांत ने ममता बनर्जी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “ये जो तमाशा आप आज देख रहे हैं, ये पिछले 15 साल की ममता की तुष्टिकरण की राजनीति का नतीजा है. हुमायूं कबीर खुलेआम कह रहे हैं कि पुलिस हमारा पूरा साथ दे रही है. अगर ममता को सच में आपत्ति होती तो आज सुबह-सुबह हुमायूं कबीर को गिरफ्तार कर लेतीं. सिर्फ हिंदुओं को बेवकूफ बनाने के लिए नाटक किया गया है कि उन्हें सस्पेंड कर दिया. भाजपा का कोई कार्यक्रम करती है तो पुलिस स्टेज उखाड़ लेती है, लेकिन यहाँ मंच पर लाइट-झालर लगाने दी गई. पश्चिम बंगाल के हिंदुओं को अब फैसला करना है.”
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी ने आँख में धूल झोंकने के लिए हुमायूं को सस्पेंड करने का ड्रामा किया. जब तक बंगाल में भाजपा का एक भी कार्यकर्ता जिंदा है, हम बंगाल को बांग्लादेश बनने नहीं देंगे.” इस बीच हुमायूं कबीर ने भी जवाबी बयान दिया, “मैंने एक साल पहले कहा था कि 6 दिसंबर को नींव रखूँगा. मुझे लगा था दो लाख लोग आएंगे, लेकिन तीन-चार लाख की भीड़ जुटी. सबको शुक्रिया जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया.”
अब मुर्शिदाबाद एक साथ दो बड़े धार्मिक निर्माणों की घोषणा का गवाह बन गया है – एक तरफ “नई बाबरी मस्जिद”, दूसरी तरफ प्रस्तावित “राम मंदिर”. 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले बंगाल की सियासत में मंदिर-मस्जिद का ये नया अध्याय बेहद गरमाने वाला है.