सम्राट चौधरी, अनंत सिंह के बाद संजय झा से मिलीं अक्षरा सिंह; हीरोइन की मुलाकातों से हलचल

Amanat Ansari 10 Nov 2026 01:46 PM 1 Mins
सम्राट चौधरी, अनंत सिंह के बाद संजय झा से मिलीं अक्षरा सिंह; हीरोइन की मुलाकातों से हलचल

पटना: भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह फिर चर्चा में हैं. इस बार अक्षरा सिंह ने जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से पटना में मुलाकात की है. इस मुलाकात ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है. अटकलें लगाई जाने लगी हैं कि अक्षरा सिंह जेडीयू से अपने राजनीतिक करियर का आगाज कर सकती हैं. हालांकि, इन बातों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है और यह अभी कयासबाजी ही है.

इस मुलाकात के दौरान अभिनेत्री अक्षरा सिंह के पिता भी मौजूद थे. संजय झा ने भोजपुरी अभिनेत्री से इस मुलाकात की तस्वीरें शेयर की हैं. अपने एक्स हैंडल पर संजय झा ने लिखा कि आज पटना स्थित आवास पर भोजपुरी एवं हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अक्षरा सिंह जी ने अपने पिताजी के साथ शिष्टाचार मुलाकात की. हालांकि, इस मुलाकात के दौरान और क्या बातें हुईं, इसके बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है.

इससे पहले भी हलचल बढ़ गई थी जब अक्षरा सिंह ने एक ही दिन में दो बड़े राजनीतिक दिग्गजों से मुलाकात की थी. उन्होंने जेडीयू से निकाले गए मोकामा विधायक अनंत सिंह से मुलाकात की थी. मुलाकात के दौरान अनंत सिंह ने अक्षरा सिंह के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद भी दिया था. तस्वीर शेयर करते हुए अक्षरा सिंह ने लिखा था, “यहां अपनापन और घर जैसा एहसास हुआ है.” बता दें कि 25 नवंबर को अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी होने वाली है और अक्षरा सिंह इस शादी में भी नजर आएंगी.

भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने 5 नवंबर को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी मुलाकात की थी. इस दौरान अक्षरा सिंह के पिता भी मौजूद थे. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा था, “लोकसेवक आवास पर प्रसिद्ध कलाकार एवं गायिका अक्षरा सिंह जी ने मुलाकात की.” अक्षरा सिंह ने इसे औपचारिक मुलाकात बताया था.

अक्षरा सिंह की लगातार राजनीतिक नेताओं से मुलाकातों के बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है. पहले वे प्रशांत किशोर के जन सुराज अभियान से भी जुड़ी रही थीं, हालांकि किसी पार्टी की औपचारिक सदस्यता नहीं ली थी. फिलहाल जेडीयू में शामिल होने को लेकर न तो पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा हुई है और न ही अक्षरा सिंह ने कोई बयान दिया है.

Recent News