Pawan Kalyan Konidela divorce: आंध्र प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडाला ने सोमवार देर रात एक संयुक्त बयान जारी कर 13 साल के विवाह के बाद अलगाव की घोषणा कर दी है.
जना सेना पार्टी के जरिए जारी बयान में दोनों ने कहा, “अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा साथ बिताने के बाद हमने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है. हालांकि हमारी शादी खत्म हो चुकी है, लेकिन हम अच्छे दोस्त और अपने बच्चों के समर्पित माता-पिता बने रहेंगे. उनकी खुशी और भलाई हमेशा हमारी साझा प्राथमिकता रहेगी.”
दंपति ने इस व्यक्तिगत दौर में गोपनीयता का सम्मान करने और समझदारी बरतने की अपील भी की है. उन्होंने उन सभी का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने इस सफर में उनका साथ दिया. बयान में तलाक की कानूनी प्रक्रिया या बच्चों की कस्टडी का कोई जिक्र नहीं है.
पवन कल्याण और रूसी मूल की अन्ना (पूर्व नाम अन्ना लेझनेवा) की शादी सितंबर 2013 में हुई थी. दोनों की मुलाकात फिल्म तीन मार के सेट पर हुई थी. उनके दो बच्चे हैं- बेटी पोलीना अंजना पवानोवा और बेटा मार्क शंकर पवानोविच.
यह पवन कल्याण की तीसरी शादी का अंत है. उन्होंने 1997 में नंदिनी से शादी की थी, जो 1999 में टूट गई. इसके बाद 2009 में अभिनेत्री रेणु देसाई से विवाह हुआ, जिससे उनके दो बच्चे हैं, और यह रिश्ता 2012 में खत्म हो गया. अभी तक न पवन कल्याण और न ही अन्ना ने अलगाव की वजहों पर कोई बयान दिया है. दोनों ने बच्चों के हित को सबसे आगे रखते हुए शालीनता से फैसला लेने की बात कही है.