कोलकाता: पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का गठन हो गया है. शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उनके साथ पांच अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की. शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह दिन पश्चिम बंगाल और पूरे देश दोनों के लिए खास है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इच्छा के अनुसार रवींद्र जयंती के दिन नई सरकार का कार्यकाल शुरू हुआ. उन्होंने जोरासांको पहुंचकर गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि अर्पित की और शपथ ग्रहण किया.
महिलाओं की सुरक्षा और आर्थिक मदद पर जोर
मीडिया से बात करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने अपनी सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं. उन्होंने कहा कि महिलाओं की मुख्य दो मांगें हैं, उनके शिक्षित बच्चों को नौकरी और खुद की सुरक्षा. भाजपा दोनों वादे पूरे करेगी. महिलाओं को 3 हजार रुपे मासिक सहायता और युवाओं को रोजगार दोनों योजनाएं लागू होंगी.
रेप और महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्ती
शुभेंदु अधिकारी ने साफ कहा कि आरजी कर, संदेशखाली और दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज जैसे मामले इस सरकार में दोबारा नहीं होंगे. उन्होंने कहा कि एक भी रेपिस्ट खुलेआम सड़कों पर नहीं घूमेगा. कानूनी तरीके से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. भाजपा ने पहले ही 'दुर्गा स्क्वाड' और महिला बटालियन बनाने का वादा किया था. नई सरकार माताओं और बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी.
मुस्लिम समुदाय को लेकर दिए खास संदेश
मुस्लिमों को क्या संदेश होगा, इस सवाल पर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मंत्र है, सबका साथ, सबका विकास. हिंदू हो या मुस्लिम, भाजपा समर्थक हो या विपक्षी, हर नागरिक के विकास के लिए समान रूप से काम किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या शरणार्थियों के खिलाफ है, किसी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं. 21 राज्यों में भाजपा सरकार इस बात की गवाह है कि विकास सबके लिए बराबर होता है.