आगरा में जयमाल से पहले शादी में बवाल, महिला ने दूल्हे को बताया पति, टूट गई शादी

Global Bharat 02 May 2026 10:37: PM 1 Mins
आगरा में जयमाल से पहले शादी में बवाल, महिला ने दूल्हे को बताया पति, टूट गई शादी

आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक शादी समारोह उस वक्त विवाद और हंगामे में बदल गया, जब जयमाल से ठीक पहले एक महिला अचानक मैरिज हॉल पहुंच गई और दूल्हे को अपना पति बताने लगी. महिला के आरोप लगाते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और मामला पुलिस तक पहुंच गया. घटना एत्मादपुर क्षेत्र के एक मैरिज हॉल की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद के टूंडला से बारात आगरा पहुंची थी. शादी की अधिकतर रस्में पूरी हो चुकी थीं और दूल्हा-दुल्हन जयमाल के लिए स्टेज पर मौजूद थे. दोनों एक-दूसरे को वरमाला पहनाने ही वाले थे कि तभी कुछ लोगों के साथ एक महिला वहां पहुंच गई.

महिला ने आते ही हंगामा शुरू कर दिया और दावा किया कि दूल्हा पहले से शादीशुदा है और वही उसका पति है. महिला को देखकर दूल्हा कथित तौर पर घबरा गया और स्टेज छोड़कर वहां से चला गया. इस घटना के बाद शादी समारोह में मौजूद मेहमान हैरान रह गए. डीजे बंद करा दिया गया और दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई.
मामले की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू की. इसी दौरान विवाद ने नया मोड़ ले लिया, जब दूल्हे के बड़े भाई ने महिला को अपनी पत्नी बताया.

 उसने पुलिस के सामने कहा कि महिला उसकी पत्नी है, लेकिन पारिवारिक विवाद के कारण वह उसके छोटे भाई पर शादी का दबाव बना रही है. करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद दूल्हा पक्ष और दुल्हन पक्ष के बीच बातचीत हुई. आखिरकार यह फैसला लिया गया कि मौजूदा परिस्थितियों में यह शादी नहीं होगी. 

शादी टूटने के बाद दुल्हन पक्ष ने बड़ा फैसला लेते हुए समारोह में मौजूद एक परिचित युवक से बेटी का विवाह करा दिया. सादगी के साथ उसी परिसर में दूसरी शादी संपन्न कराई गई. पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर मौके पर पहुंचकर जांच की गई. दूल्हा घटनास्थल से जा चुका था, जबकि उसके परिवार के कुछ लोगों से पूछताछ की गई है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.

Agra Wedding Drama Groom Ran Away Jaymala Controversy Bride Marriage News UP News

Description of the author

Recent News