लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चल रही भीषण गर्मी और लू से जनता को जल्द राहत मिलने वाली है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र ने 28 मई से राज्य में तेज आंधी, बवंडर, ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी दी है. अगले तीन दिनों (28 से 31 मई) तक कई जिलों में 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो झोंकों में 80 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं.
29 मई को कैसा रहेगा मौसम
लखनऊ, कानपुर, नोएडा, आगरा, मेरठ, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर समेत कई पश्चिमी और मध्य जिलों में ओलावृष्टि को अलर्ट किया गया है. पूर्वी और मध्य यूपी के कई जिलों में, खासकर प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ, अयोध्या क्षेत्र में तेज बवंडर चलने की संभावना है. बांदा, झांसी, जालौन, कानपुर, आगरा आदि में 70 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती है.
30 मई को कैसा रहेगा मौसम
मुख्य रूप से पूर्वी यूपी (प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, देवरिया आदि) और कुछ अन्य जिलों में 80 किमी की रफ्तार से आंधी-तूफान आ सकता है. पश्चिमी, मध्य और उत्तरी जिलों में व्यापक रूप से आंधी चलने की संभावना है. साथ ही गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट पूरे राज्य में जारी रहेगा. बांदा, चित्रकूट, झांसी, हमीरपुर, महोबा, जालौन, आगरा आदि कुछ दक्षिणी-पश्चिमी जिलों में आंधी-बारिश के बीच भी लू की स्थिति बनी रह सकती है.
इन तीन दिनों में खासकर दोपहर और शाम के समय बाहर निकलते समय सतर्क रहें. खेतों में काम करने वाले किसान, दोपहिया वाहन चालक और खुले में रहने वाले लोग बिजली गिरने, तेज हवाओं और ओलों से बचाव करें. पेड़ों और खंभों के पास खड़े न हों. मौसम में यह बदलाव गर्मी से राहत तो देगा, लेकिन तेज हवाएं, बिजली और ओलावृष्टि से नुकसान की भी आशंका है. IMD की अपडेट पर नजर बनाए रखें.