जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच केंद्रीय मंत्री अमित शाह आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) का घोषणापत्र जारी करेंगे. केंद्रीय गृहमंत्री दो दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर जाएंगे. बता दें कि प्रदेश में तीन चरणों में 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को चुनाव होंगे. अमित शाह आज बीजेपी का संकल्प पत्र जारी करेंगे और शनिवार को 'कार्यकर्ता सम्मेलन' में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और उनसे बातचीत करेंगे.
इसी बीच गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि धारा 370 के हटने के बाद जम्मू-कश्मीर आतंकी केंद्र से एक पर्यटक केंद्र में बदल गया है. अमित शाह ने क्षेत्र में शांति और विकास का एक नया युग लाने के लिए मोदी सरकार की प्रशंसा की. अमित शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि मोदी सरकार के तहत जम्मू-कश्मीर में शांति और विकास का एक नया युग शुरू हो रहा है.
उन्होंने लिखा कि घाटी आतंकवादी हॉटस्पॉट से पर्यटन हॉटस्पॉट में बदल गया है और शैक्षणिक और आर्थिक गतिविधियों में भी वृद्धि हुई है. उन्होंने आगे कहा कि मैं दो दिवसीय दौरे पर जम्मू के लिए रवाना हो रहा हूं, जहां पर भाजपा के संकल्प पत्र का शुभारंभ करूंगा और शनिवार को कार्यकर्ता सम्मेलन में बीजेपी कार्यकर्ताओं से बातचीत करूंगा.
चुनाव को लेकर बीते गुरुवार को बीजेपी जम्मू-कश्मीर प्रमुख रविंदर रैना ने नौशेरा विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. इस दौरान उन्होंने कहा था कि पूरे केंद्र शासित प्रदेश में भाजपा की मजबूत लहर है और यहां भाजपा जीत दर्ज करेगी व सरकार बनाएगी.
गौरतलब हो कि जम्मू और कश्मीर में 90 विधानसभा सीट हैं, जिनमें से 7 सीटें एससी और 9 सीटें एसटी के लिए आरक्षित हैं. राज्य में 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को तीन चरणों में मतदान होगा और नतीजे 8 अक्टूबर को आएंगे. पिछले विधानसभा चुनावों में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) ने 28, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 25, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) ने 15 और कांग्रेस ने 12 सीटें जीती थीं.