कोलकाता: एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली एथलीट स्वप्ना बर्मन राजनीति में आने के फैसले पर बेहद पछता रही हैं. तृणमूल कांग्रेस (TMC) के टिकट पर रायगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर भारी अंतर से हारने के बाद उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता था कि राजनीति में इतना दर्द है. नहीं तो मैं राजनीति में आती ही नहीं." स्वप्ना बर्मन फरवरी 2026 में TMC में शामिल हुई थीं और पार्टी ने उन्हें रायगंज से टिकट दिया था. उन्होंने भाजपा उम्मीदवार दिनेश सरकार के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन करीब 21 हजार वोटों से हार गईं.
अब क्या हो रहा है?
चुनाव हारने के बाद उनके घर में शुक्रवार रात आग लग गई, जिसकी शिकायत उन्होंने जलपाईगुड़ी पुलिस में दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि गुंडों ने घर में आग लगाई.
राजनीति में आने के कारण उन्हें अपनी रेलवे नौकरी छोड़नी पड़ी थी. अब चुनाव हारने के बाद आर्थिक संकट भी उनके सामने खड़ा हो गया है.
अगस्त 2026 में होने वाले एशियन गेम्स के क्वालीफाइंग राउंड भी वे मिस कर चुकी हैं, जिसके चलते अब उन्हें अगले बड़े इवेंट में खेलने के लिए कम से कम दो साल और इंतजार करना पड़ सकता है. हार के बाद कई रिश्तेदार और पड़ोसी उनसे दूरी बनाने लगे हैं.
स्वप्ना ने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है. TMC के कुछ नेताओं ने उनके घर पहुंचकर हौसला बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन स्वप्ना फिलहाल पार्टी गतिविधियों से दूरी बनाए हुए हैं. स्वप्ना बर्मन ने कहा, "मैं हमेशा स्पोर्ट्स में रही हूँ, लेकिन राजनीति अलग चीज है. मुझे सोचने दीजिए कि आगे क्या करना है." मामला अभी सुर्खियों में है और स्वप्ना के भविष्य को लेकर कयासबाजी तेज हो गई है.