नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बबीना थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरा बडैरा गांव में 12 वर्षीय बच्चे की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने शुक्रवार को पर्दाफाश कर दिया. मुख्य आरोपी मृतक की ताई मंजू ने खुद कबूल किया कि भतीजा उसकी नाबालिग बेटी के साथ लगातार अश्लील हरकतें और गाली-गलौज करता था. स्कूल जाते वक्त रास्ते में परेशान करता था. बार-बार समझाने के बावजूद नहीं माना तो गुस्से में हंसिए से गला काटकर हत्या कर दी.
पुलिस ने मंजू, उसके पति (मृतक के ताऊ) अवतार और चचेरे भाई सत्येंद्र को हिरासत में ले लिया है. घटना 27 अक्टूबर की है. साहिल यादव नाम का 12 साल का लड़का लापता हो गया था. उसी दिन शाम को उसके पिता रंजीत यादव के खेत में बने भूसे की कोठरी से उसका शव मिला. गला रेता हुआ था और खून से लथपथ हालत में था.
रंजीत ने शिकायत दर्ज कराई कि संपत्ति बंटवारे के पुराने विवाद के चलते भाई अवतार, भाभी मंजू और भतीजे सत्येंद्र ने मिलकर बेटे की हत्या की है. दोनों भाईयों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था. पूछताछ में मंजू ने कहा कि साहिल नशे की लत में था, स्कूल नहीं जाता था और मोबाइल पर अश्लील वीडियो-फोटो देखता रहता था.
वह उसकी छोटी बेटी के साथ अभद्रता करता, रास्ते में हाथ पकड़ता और गंदी गालियां देता. मंजू ने कई बार डांटा, समझाया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. आखिरकार पति अवतार और भतीजे सत्येंद्र के साथ मिलकर उसे खत्म करने की साजिश रची. 27 अक्टूबर को मंजू को पता चला कि साहिल अकेला खेत की कोठरी में है. वह चुपके से वहां पहुंची.
पहले समझाने की कोशिश की, लेकिन साहिल ने फिर गाली दी और बात नहीं मानी. गुस्से में आकर मंजू ने पास पड़े हंसिए से उसका गला रेत दिया. हत्या के बाद हंसिए को झाड़ियों में फेंक दिया, घर आकर हाथ-पैर धोए और खून लगे कपड़े जला दिए.
बबीना थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. हत्या में इस्तेमाल हंसिए बरामद कर लिया गया है. फिलहाल संपत्ति विवाद को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है, लेकिन प्राथमिक वजह बेटी से छेड़छाड़ और बदला बताया जा रहा है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.