पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बाबर आज़म पर लगे यौन उत्पीड़न और बलात्कार के मामले में सुनवाई अब 16 दिसंबर को होगी. लाहौर हाई कोर्ट में इस मामले की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता हामिजा मुख्तार ने बताया कि वह और बाबर आज़म लंबे समय से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे. हालांकि, बाबर ने शादी का वादा करके उनके साथ यौन शोषण किया.
बाबर आज़म के वकील हारिस अज़मत कोर्ट में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उनके जूनियर वकील ने समय की मांग की, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया.
याचिकाकर्ता हामिजा ने अदालत में अपने आरोप दोहराते हुए कहा, "बाबर आज़म ने मुझ पर यौन हमला किया, जिसकी वजह से मैं गर्भवती हो गई. बाद में, उन्होंने मुझे गर्भपात के लिए मजबूर किया." इसके अलावा, हामिजा ने आरोप लगाया कि जैसे-जैसे बाबर का करियर आगे बढ़ा, उन्होंने अपने वादों से मुकरना शुरू कर दिया. अपने दावों को साबित करने के लिए उन्होंने अदालत में मेडिकल रिपोर्ट्स भी पेश की हैं.
हामिजा ने 2021 में पुलिस से भी शिकायत की थी कि बाबर ने उनके साथ धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग की है. हालांकि, इस मामले में अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है.
इन आरोपों के बीच बाबर आज़म वर्तमान में पाकिस्तान टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर हैं. इस दौरे में पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो टेस्ट, तीन टी20 और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे. पहले टी20 मैच में पाकिस्तान को 11 रनों से हार का सामना करना पड़ा. इस मैच में बाबर आज़म सिर्फ चार गेंदें खेलकर बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौट गए. उन्हें दक्षिण अफ्रीका के युवा गेंदबाज क्वेना म्फाका ने शून्य पर आउट किया.
बाबर आज़म के लिए यह समय बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है. एक तरफ अदालत में उनके खिलाफ गंभीर आरोप हैं, तो दूसरी तरफ क्रिकेट के मैदान पर भी उनका प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर रहा है. इस मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी, जिसके बाद यह देखना अहम होगा कि यह मामला किस दिशा में जाता है.