पाकिस्तान क्रिकेट टीम किसी न किसी वजह से चर्चा के केंद्र में बना रहता है. बीते सोमवार टेस्ट टीम के कप्तान शान मसूद से प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एक पत्रकार ने बेज्जत करने वाला सवाल पूछा था. ये मामला थमा भी नहीं कि आधी रात को वनडे और टी20 टीम के कप्तान बाबर आजम ने सबको चौका दिया. टीम के स्टार बल्लेबाज बाबर ने पाकिस्तान टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है. बाबर ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर आधी रात को फैंस के साथ ये जानकारी शेयर की. बाबर ने एक साल के अंदर-अंदर दूसरी बार कप्तानी से इस्तीफा दिया है. इससे पहले उन्होंने 2023 वर्ल्ड कप के बाद पाकिस्तान के तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ दी थी. लेकिन फिर साल 2024 में T20 वर्ल्ड कप से पहले उन्हें व्हाइट-बॉल टीम का कप्तान अपॉइंट किया गया था. अब एक बार फिर उन्होंने टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है और अपने फैंस के साथ ये जानकारी शेयर की.
अब पाकिस्तान क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिज़वान को उम्मीद है कि वे टीम के नए वनडे और टी20 कप्तान बनेंगे.
बाबर आज़म ने अपने इस्तीफे की जानकारी शेयर करते हुए कहा, "प्रिय फैंस, मैं आज आपको एक खबर बताना चाहता हूं. मैंने पाकिस्तान क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया है. यह मेरे लिए सम्मान की बात थी कि मैंने इस टीम का नेतृत्व किया, लेकिन अब मुझे अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करना है. कप्तानी एक चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा है, लेकिन इससे मेरे ऊपर अतिरिक्त काम का बोझ भी आया है."
बाबर ने यह भी कहा कि वह अपने बैटिंग पर ध्यान देना चाहते हैं और अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताना चाहते हैं. उन्होंने फैंस के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि, वह टीम के लिए एक खिलाड़ी के रूप में योगदान करते रहेंगे.
गौरतलब हो बाबर आज़म ने 2019 में पाकिस्तान की कप्तानी संभाली थी, लेकिन उनकी अगुवाई में टीम कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताएं नहीं जीत सकी. पिछले साल एशिया कप में श्रीलंका के खिलाफ सुपर 4 में पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद, भारत में हुए वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ग्रुप स्टेज से बाहर हो गया.
बाबर के इस्तीफे के बाद मोहम्मद रिज़वान अब नए कप्तान बनने के लिए तैयार हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रतिनिधियों के साथ उनकी बातचीत होनी है. हालांकि, बाबर की कप्तानी को लेकर कोच गैरी कर्स्टन ने उन्हें कप्तान बनाए रखने की इच्छा व्यक्त की थी.