बेंगलुरु: बेंगलुरु स्थित एक कंपनी के सीईओ ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक विवादित पोस्ट करके ऐलान किया है कि उनकी कंपनी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश के पुरुष उम्मीदवारों को अब नौकरी नहीं देगी. उन्होंने कहा कि यह फैसला लंबी चर्चा और internally झगड़े के बाद लिया गया है.
A1 Sports World के सीईओ कार्तिक शेनॉय ने पोस्ट में लिखा, ''मैं इसके लिए माफी चाहता हूं, लेकिन आज लंबी चर्चा और झगड़े के बाद हमने यह बहुत साफ कर दिया है.'' इसके बाद उन्होंने कंपनी की नई हायरिंग पॉलिसी बताते हुए कहा, ''हम अपनी कंपनी में उत्तर भारत के इन चार राज्यों से आने वाले किसी भी पुरुष उम्मीदवार को नौकरी नहीं देंगे.'' उन्होंने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश का नाम लिया.
कार्तिक ने यह भी बताया कि कंपनी में पहले से एक राजस्थानी कर्मचारी काम कर रही हैं और उन्होंने इस फैसले का 100 प्रतिशत समर्थन किया है. पोस्ट पर कई यूजर्स ने आलोचना की. कुछ लोगों ने सवाल किया कि क्या यह फैसला राज्य के आधार पर पुरुषों को लेकर सामान्यीकरण है. एक यूजर ने कहा कि भावना समझने योग्य हो सकती है, लेकिन इसे व्यापक रूप से लागू करने का मतलब हर पुरुष को संभावित खतरा मानना होगा.
दूसरे यूजर ने बताया कि इन राज्यों के लोग पहले से बड़ी टेक कंपनियों में काम कर रहे हैं और यह पोस्ट सामान्यीकरण पर आधारित है. तीसरे यूजर ने पूछा कि अगर मौजूदा घटनाओं और क्राइम रिपोर्ट्स के आधार पर ऐसा फैसला लिया जाए तो कौन से राज्य महिलाओं के खिलाफ अपराधों से मुक्त माने जा सकते हैं. यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.