चपरासी के पास अकूत दौलत, थार से आता था ऑफिस, पत्नी के नाम 34 जमीनों की रजिस्ट्री 

Amanat Ansari 24 Jul 2026 11:28: PM 1 Mins
चपरासी के पास अकूत दौलत, थार से आता था ऑफिस, पत्नी के नाम 34 जमीनों की रजिस्ट्री 

भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में एक सरकारी पशु अस्पताल का साधारण चपरासी करोड़पति निकला है. गड़हनी वेटनरी अस्पताल में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शिवानंद कुमार सिंह की आय से 253.8 प्रतिशत ज्यादा संपत्ति पाए जाने के बाद निगरानी ब्यूरो ने सनसनीखेज कार्रवाई की है. निगरानी ब्यूरो की टीम ने शिवानंद के घर, कार्यालय और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की.

जांच में उसके और उसकी पत्नी चांदनी सिंह के नाम पर 34 जमीनों की रजिस्ट्री मिली, जिनकी सरकारी कीमत करीब 1 करोड़ 11 लाख रुपए बताई गई है. बाजार मूल्य इससे कहीं ज्यादा हो सकता है. छापेमारी के दौरान महिंद्रा थार और दो मोटरसाइकिलों के दस्तावेज भी बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत करीब 17.24 लाख रुपए है. इसके अलावा पांच बैंक खातों में लगभग 68 हजार रुपए जमा मिले. शुरुआती जांच में शिवानंद पर 1 करोड़ 6 लाख 62 हजार रुपए से अधिक की अवैध संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है.

शिवानंद भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव का रहने वाला है. निगरानी ब्यूरो अब इस बात की जांच कर रहा है कि एक सामान्य वेतनभोगी कर्मचारी ने इतनी बड़ी संपत्ति किस तरीके से अर्जित की. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह मामला बिहार के सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार पर एक बार फिर सवाल खड़ा कर रहा है.

Bhojpur News Peon illegal property Bhojpur Peon

Recent News