नई दिल्ली: CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के छात्र आंदोलन के बीच जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) ने अपने सभी छात्रों और स्टाफ को जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल पर जाने या भाग लेने से सख्ती से मना कर दिया है. JNU ने X पर जारी एडवाइजरी में कहा कि सभी स्टेकहोल्डर्स को सलाह दी जाती है कि वे व्यक्तिगत सुरक्षा को प्राथमिकता दें और जंतर-मंतर या आसपास की किसी भी सभा में भाग न लें. यूनिवर्सिटी ने सोशल मीडिया पर भी जिम्मेदारी से व्यवहार करने की अपील की है.
JNU ने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार जंतर-मंतर पर प्रदर्शन सख्ती से नियंत्रित हैं. अनधिकृत सभाओं में शामिल होने पर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ विश्वविद्यालय के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है.
DU के बाद JNU का कदम
इससे पहले दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने भी अपने छात्रों और फैकल्टी को जंतर-मंतर पर अनधिकृत प्रदर्शन से दूर रहने की सलाह दी थी. दोनों यूनिवर्सिटीज ने छात्रों की सुरक्षा और कानूनी परेशानियों को देखते हुए यह एडवाइजरी जारी की है. CJP आंदोलन NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चल रहा है, जिस पर विपक्षी दलों का भी समर्थन है.