नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान एक महिला प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस के एडिशनल डीसीपी (उत्तर-पूर्व) संदीप लांबा को प्रदर्शन स्थल की ड्यूटी से हटा दिया गया है. 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस की कार्रवाई चल रही थी.
इसी दौरान लांबा का वीडियो सामने आया, जिसमें वे एक महिला को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और इसे लेकर भारी आलोचना हुई. पुलिस सूत्रों के अनुसार, संदीप लांबा को अब जंतर-मंतर ड्यूटी से हटाकर उनके मूल जिले में वापस भेज दिया गया है. हालांकि, पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
हाईकोर्ट में भी उठा मामला
दिल्ली हाईकोर्ट में बुधवार को सुनवाई के दौरान वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन ने इस घटना का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वीडियो में बिना किसी उकसावे के अधिकारी महिला को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं. हाईकोर्ट ने पुलिस से जवाब मांगा है और घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी तथा अन्य वीडियो सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं.
CJP प्रदर्शनकारियों ने इस घटना की निंदा की है और अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. इस बीच, प्रदर्शन के दौरान RAF जवानों पर हमले का मामला भी दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात टॉलस्टॉय मार्ग पर दो RAF जवानों पर भीड़ ने हमला किया, जिसमें वे घायल हो गए. जंतर-मंतर पर परीक्षा पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन लगातार जारी हैं, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है.