''कांग्रेस को हंगामा चाहिए, समाधान नहीं..." NEET पेपर लीक पर विपक्ष पर बरसीं निर्मला सीतारमण

Amanat Ansari 23 Jul 2026 11:57: PM 1 Mins
''कांग्रेस को हंगामा चाहिए, समाधान नहीं...

नई दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को NEET पेपर लीक विवाद पर विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को युवाओं की समस्या का समाधान नहीं, बल्कि सिर्फ राजनीतिक हंगामा और रैकेट करना चाहिए. सीतारमण ने कहा, "कांग्रेस को समाधान नहीं, सिर्फ हंगामा चाहिए."

उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर बेहद संवेदनशील है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इस मामले पर सख्त संदेश दिया है कि परीक्षा की पवित्रता भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. वित्त मंत्री ने बताया कि पेपर लीक, खरीद-बिक्री में शामिल दोषियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है.

सरकार फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने जा रही है ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिल सके. उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. सीतारमण ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर सरकार ने कुछ नहीं किया होता तो उनके आरोप सही लगते, लेकिन सरकार ने शुरुआत से ही तेजी से कदम उठाए हैं.

पेपर लीक की घटनाओं के बावजूद री-एग्जाम समय पर कराए गए और रिजल्ट भी जारी किए गए, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित नहीं हुई. उन्होंने यह भी कहा कि कई छात्रों ने इस मुश्किल स्थिति को चुनौती मानकर अवसर में बदल दिया. अतिरिक्त समय का सही उपयोग कर उन्होंने और बेहतर तैयारी की, जिससे उनका प्रदर्शन पहले से बेहतर रहा.

यह नई पीढ़ी की सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है. निर्मला सीतारमण ने अंत में दोहराया कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री छात्रों के हित में लगातार काम कर रहे हैं और परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.

Nirmala Sitharaman NEET paper leak NEET protest CJP Protest

Recent News