नवादा: बिहार के नवादा सदर अस्पताल में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई. चोरी के मामले में जेल भेजे गए आरोपी बंटी असगर मलिक ने पुलिस गार्ड की मौजूदगी में ही अस्पताल से भाग निकलने का करिश्मा कर दिखाया. पूरा घटनाक्रम अस्पताल के CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब वायरल हो रहा है.
आरोपी बंटी असगर मलिक (पिता: अलाउद्दीन मलिक), धमौल थाना क्षेत्र का निवासी, मात्र दो दिन पहले चोरी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. जेल में उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल लाया गया था.
17 जुलाई को शाम करीब 4:50 बजे इमरजेंसी वार्ड में भीड़ का फायदा उठाते हुए आरोपी अचानक भाग खड़ा हुआ. CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि वह इमरजेंसी वार्ड से तेजी से भाग रहा है और उसके पीछे तैनात सिपाही दौड़ लगाता नजर आ रहा है. लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ से बच निकलने में कामयाब हो गया.
पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई जगहों पर छापेमारी शुरू कर दी है. यह पहली बार नहीं है जब नवादा सदर अस्पताल से कैदी भाग निकले हैं. पहले भी कई कैदियों ने इलाज के दौरान सुरक्षा में सेंध लगाकर फरार होने में सफलता पाई है. इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवालिया निशान लगा दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया जा रहा है.