मेरठ: प्यार और लालच की मिलीभगत ने एक बार फिर एक जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया. मेरठ के हस्तिनापुर में एक युवक की मौत को सांप के काटने का रूप देकर छिपाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने पूरे षड्यंत्र को उजागर कर दिया. मृतक अतुल पंवार (35) की पत्नी दामिनी और उसके प्रेमी तुषार (स्कूल का ड्राइवर) ने मिलकर हत्या की साजिश रची.
पुलिस के अनुसार, अतुल को रात में दूध में नींद की गोली देकर बेहोश किया गया. फिर तुषार ने दो साथियों सोनू और उदय की मदद से सांप लाकर अतुल के बिस्तर पर छोड़ दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि दामिनी और अतुल का 2019 में लव मैरिज हुई थी. दोनों हस्तिनापुर में कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल चलाते थे.
हत्या का मुख्य मकसद 20 लाख रुपये का बीमा क्लेम था. तुषार ने सोनू और उदय को 5-5 लाख रुपये देने का वादा किया था. पुलिस जांच में यह भी पता चला कि 20 दिन पहले तुषार ने अतुल को कार से कुचलने की कोशिश की थी, लेकिन अतुल हेलमेट पहने होने के कारण बच गया.
पुलिस ने दामिनी, तुषार, सोनू और उदय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच जारी है. यह घटना प्रेम संबंधों और लालच में अंधे होकर की गई साजिशों की एक और मिसाल है, जो समाज में बढ़ती जा रही हैं.