जयपुर : राजस्थान के डीग जिले से बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. जिले के एक मदरसे में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 13 छात्राएं खुले टैंक में जा गिरीं. हादसे में 17 वर्षीय छात्रा रोहिन की मौत हो गई, जबकि अन्य छात्राओं को समय रहते बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. कई छात्राओं का इलाज जारी है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मदरसे परिसर में बने सेप्टिक टैंक का ढक्कन पहले से खुला था और उसकी सफाई का काम चल रहा था. इसी दौरान छात्राएं टैंक के ऊपर खड़ी थीं. अचानक ढक्कन या उसके आसपास का हिस्सा टूट गया और सभी छात्राएं एक साथ टैंक में गिर गईं. घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी छात्राओं को बाहर निकाला गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. घायल छात्राओं को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने 17 वर्षीय रोहिन को मृत घोषित कर दिया. अन्य छात्राओं की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.
पुलिस की शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और गंभीर लापरवाही की आशंका सामने आई है. इसी आधार पर मदरसा प्रबंधन और संबंधित स्टाफ के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि छात्राओं को सेप्टिक टैंक के पास क्यों जाने दिया गया और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए.