बीकानेर : राजस्थान के बीकानेर में निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर टिकट को लेकर नाराजगी खुलकर सामने आ गई है. बीकानेर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी हलचल तेज हो गई है.
बताया जा रहा है कि कुछ लोग माला पहनाने के बहाने मदनगोपाल मेघवाल को चुनाव कार्यालय के बाहर बुलाकर ले गए थे. जैसे ही वह वहां पहुंचे, उनसे सवाल किया गया कि उन्हें चुनाव में टिकट क्यों नहीं दिया गया. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और चार लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.
घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मारपीट के बाद मामले की जानकारी कांग्रेस के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं तक पहुंची. घटना को लेकर पार्टी के भीतर भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
दरअसल, राजस्थान में निकाय चुनाव प्रस्तावित हैं और चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में टिकट वितरण की प्रक्रिया महत्वपूर्ण दौर में है. टिकट नहीं मिलने से कई दावेदार और उनके समर्थक नाराज बताए जा रहे हैं. बीकानेर में सामने आई यह घटना इसी नाराजगी का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है.
कांग्रेस जिलाध्यक्ष के साथ मारपीट की खबर सामने आने के बाद संगठन के सामने कार्यकर्ताओं की नाराजगी संभालने की चुनौती भी खड़ी हो गई है. अब पार्टी नेतृत्व की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर है.