लखनऊ/बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की शिकारपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक और पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का बुधवार को निधन हो गया. वह लंबे समय से कैंसर से संघर्ष कर रहे थे और दिल्ली के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली.
63 वर्षीय अनिल शर्मा बुलंदशहर के गांव सुरजावली के मूल निवासी थे. उनके निधन की खबर से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गहरा दुख जताया. सीएम ने एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्य मंत्री और बुलंदशहर के शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक अनिल शर्मा जी का निधन अत्यंत दुखद है. विनम्र श्रद्धांजलि. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.”
लंबी राजनीतिक पारी
अनिल शर्मा युवा अवस्था से ही राजनीति में सक्रिय थे. बहुत कम उम्र में गांव सुरजावली के निर्विरोध प्रधान चुने गए. वर्ष 2002 और 2007 में खुर्जा सीट से बसपा के टिकट पर विधायक बने. 2012 में शिकारपुर से हारने के बाद भाजपा में शामिल हो गए. 2017 में भाजपा टिकट पर शिकारपुर से विधायक चुने गए और योगी आदित्यनाथ की पहली सरकार में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री बने. 2022 में चौथी बार विधायक चुने गए.
उनके निधन के बाद प्रदेश में अब छह विधानसभा सीटें खाली हो गई हैं. इनमें तीन सपा, दो भाजपा और एक बसपा विधायक के निधन से खाली हुई हैं. विधानसभा चुनाव में अब छह महीने का समय बचा होने के कारण उपचुनाव नहीं होंगे.