भोपाल: मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव 2026 का नतीजा आने से पहले ही साफ हो गया. भाजपा ने तीनों सीटों पर निर्विरोध कब्जा कर लिया. भाजपा प्रत्याशी तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट को निर्वाचन अधिकारी अरविंद शर्मा ने जीत का प्रमाण-पत्र सौंप दिया. नामांकन वापसी की अंतिम तिथि गुरुवार को खत्म होने के बाद सिर्फ भाजपा के तीनों उम्मीदवार ही मैदान में बचे. ऐसे में चुनाव प्रक्रिया बिना मतदान के ही समाप्त हो गई. भोपाल सांसद अलोक शर्मा भी इस मौके पर मौजूद रहे.
कांग्रेस को दोहरा झटका
कांग्रेस की ओर से मैदान में उतारी गईं मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पहले ही निरस्त कर दिया गया था. मीनाक्षी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और परिणामों पर स्टे की मांग की, लेकिन कोर्ट ने साफ मना कर दिया. जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा की बेंच ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में कोर्ट दखल नहीं देगा. मामले की सुनवाई अब 12 जून को होगी.
BJP की बड़ी जीत
इस निर्विरोध जीत से भाजपा ने मध्य प्रदेश में अपनी मजबूत पकड़ का प्रदर्शन किया है. तीनों नए राज्यसभा सदस्य 18 जून को होने वाले मतदान की औपचारिकता के बिना ही उच्च सदन पहुंच गए. यह परिणाम भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से बड़ी सफलता माना जा रहा है, जबकि कांग्रेस शिविर में निराशा छाई हुई है.