पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. भाजपा ने अपनी केंद्रीय चुनाव समिति के माध्यम से अभिषेक कुमार को इस सीट से अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है. यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें राज्यसभा सदस्य चुना गया, जिसके चलते उन्होंने बांकीपुर विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था.
अभिषेक कुमार कौन हैं?
अभिषेक कुमार भाजपा के एक सामान्य कार्यकर्ता हैं. वह प्रदेश युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं और कायस्थ समुदाय से ताल्लुक रखते हैं. पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन ने ही अपने इस्तीफे के बाद इस सीट के लिए उन्हें उम्मीदवार के रूप में पसंद किया था. चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना होगा.
बांकीपुर सीट पर पहले ही जनसुराज पार्टी से प्रशांत किशोर और आरजेडी की ओर से महिला उम्मीदवार घोषित हो चुकी है. ऐसे में इस उपचुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है. भाजपा इस सीट को लेकर काफी आक्रामक रणनीति के साथ मैदान में उतरी है. अभिषेक कुमार की उम्मीदवारी को पार्टी का सशक्त फैसला माना जा रहा है.