नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है. नई टीम में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ अलग-अलग राज्यों और सामाजिक क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश दिखाई देती है. पार्टी ने 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महामंत्री और 16 राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किए हैं.
राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराज, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर को जिम्मेदारी दी गई है.
संगठन के लिहाज से बी.एल. संतोष राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के पद पर बने रहेंगे, जबकि शिवप्रकाश और सौदान सिंह राष्ट्रीय सह-महामंत्री (संगठन) होंगे. राष्ट्रीय महामंत्री के तौर पर विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जगह मिली है.
राष्ट्रीय मंत्रियों की सूची में कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, डॉ. भोला सिंह, डॉ. प्रदीप वर्मा, जगदीश ईश्वरभाई पटेल, डॉ. संदीप पाठक, फांगनोन कोन्याक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, डॉ. एम. वेंकटेशन, मनोज टिग्गा, सिद्धार्थ शंभू, डॉ. स्वदेश सिंह, मृगांका देव वर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश शामिल हैं.
पार्टी ने पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष बनाया है. वहीं तरुण चुग को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी मिली है. उत्तर-पूर्व के संगठन की जिम्मेदारी डॉ. संबित पात्रा को राष्ट्रीय संयोजक के रूप में दी गई है, जबकि राजीव बब्बर सह-संयोजक होंगे.
नई टीम में प्रकोष्ठ संगठन को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है. विष्णु दत्त शर्मा प्रकोष्ठ संकुल संयोजक होंगे, जबकि ऋतुराज सिन्हा और विष्णु वर्धन रेड्डी सह-संयोजक बनाए गए हैं. कुल मिलाकर बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों का संतुलन नजर आता है. पार्टी के सामने अब इस संगठनात्मक ढांचे के जरिए राज्यों में संगठन विस्तार, चुनावी तैयारियों और जमीनी नेटवर्क को और मजबूत करने की चुनौती होगी.