नई दिल्ली: भारत में मौसम अब विपरीत दिशाओं में खेल दिखा रहा है. जहां उत्तर भारत कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे से जूझ रहा है, वहीं दक्षिणी हिस्सों में बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे अवदाब के कारण भारी बारिश का दौर जारी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, 10 और 11 जनवरी 2026 को मुख्य रूप से दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में अच्छी खासी बारिश होने की संभावना है. वहीं दिल्ली-एनसीआर में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ती रहेगी.
तमिलनाडु में 9 से 11 जनवरी तक भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली कड़कने की आशंका है. खासकर तटीय इलाकों और चेन्नई जैसे शहरों में जलभराव का खतरा बना हुआ है. केरल (और माहे) में 10 जनवरी को अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है. यहां बारिश का असर 10 तारीख को सबसे ज्यादा रह सकता है.
उत्तर भारत की बात करें तो हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की बारिश या बर्फबारी के साथ शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा. कई जगहों पर घना कोहरा और बहुत कम विजिबिलिटी की स्थिति बनी हुई है, जिससे यात्रा प्रभावित हो रही है. दिल्ली, हरियाणा, पंजाज, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में भी ठंड और कोहरा अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा.
मछुआरों के लिए अलर्ट
बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु के तट पर तेज हवाओं (35-60 किमी/घंटा) के साथ समुद्र में खतरनाक स्थिति बनी हुई है, इसलिए समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. कुल मिलाकर, देश के मौसम में अब दो अलग-अलग चेहरे साफ दिख रहे हैं. उत्तर में ठंड का कहर और दक्षिण में बारिश का जोरदार दौर. स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और अपडेट्स फॉलो करने की सलाह है.