सैफई परिवार की तारीफ में ब्रजभूषण ने खोला दिल, राजनीति अपनी जगह, लेकिन संस्कार सीखने हों तो नेताजी के घर जाओ!

Global Bharat 13 Aug 2026 10:27: AM 1 Mins
सैफई परिवार की तारीफ में ब्रजभूषण ने खोला दिल, राजनीति अपनी जगह, लेकिन संस्कार सीखने हों तो नेताजी के घर जाओ!

सैफई : पूर्व सांसद और बीजेपी नेता ब्रजभूषण शरण सिंह ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक रहे मुलायम सिंह यादव के परिवार और सैफई की राजनीतिक संस्कृति की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि वे अपने दोनों बेटों से अक्सर परिवार के संस्कार सीखने की बात कहते थे और उन्हें सैफई जाकर रहने की सलाह देते थे.

ब्रजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने बड़े बेटे प्रतीक भूषण से भी कहा था कि वह नेताजी मुलायम सिंह यादव के सैफई स्थित घर में 10-15 दिन रहकर आएं. उनका मकसद यह था कि बेटा वहां जाकर देखे कि परिवार के संस्कार और लोगों के साथ व्यवहार कैसा होता है. उन्होंने कहा कि राजनीति में परिवारवाद को लेकर चाहे जितने आरोप लगाए जाएं, लेकिन मुलायम सिंह यादव के परिवार में मिलने वाले संस्कारों को भी समझने की जरूरत है. 

ब्रजभूषण ने कहा कि वह हर राजनीतिक व्यक्ति से कहना चाहते हैं कि अगर संस्कार देखने हैं तो सैफई परिवार में जाकर देखिए. ब्रजभूषण के मुताबिक, सैफई परिवार में मिलने वाला हर व्यक्ति हाथ जोड़कर नमस्ते करता है और सबसे पहले यही पूछता है कि आपने नाश्ता किया है या नहीं. उन्होंने इसे परिवार की परंपरा और संस्कार से जोड़ते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन लोगों के सम्मान और व्यवहार की संस्कृति अलग विषय है.

ब्रजभूषण का यह बयान ऐसे समय आया है जब यूपी की राजनीति में परिवारवाद को लेकर बीजेपी और विपक्ष के बीच लंबे समय से सियासी बहस चलती रही है. उनके बयान ने इस बहस में एक अलग पहलू जोड़ दिया है. उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि परिवारवाद का आरोप लगाने वालों को भी सैफई परिवार के संस्कारों से सीख लेनी चाहिए.

Brij Bhushan Sharan Singh Mulayam Singh Yadav Saifai Family Family Politics Saifai Sanskar

Description of the author

Recent News