गोंडा: महिला पहलवानों के यौन शोषण के आरोपों से दिल्ली कोर्ट द्वारा बरी होने के बाद पूर्व भाजपा सांसद और बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह गुरुवार को पहली बार अपने गृह जिले गोंडा पहुंचे. उन्होंने विशाल काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन कर अपने दबदबे का इजहार किया.
दिल्ली से चार्टर्ड प्लेन से अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे बृजभूषण का समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और फूलों की वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया. इसके बाद वे हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहां बजरंग बली के दर्शन-पूजन किए. वहां से खुली जीप में बैठकर विशाल काफिले के साथ गोंडा के नंदिनी नगर के लिए रवाना हुए. रास्ते में जगह-जगह समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया.
'सत्यमेव जयते' समारोह
नंदिनी कॉलेज में सत्यमेव जयते समारोह का आयोजन किया गया. इसमें बड़ी संख्या में अयोध्या के साधु-संत मौजूद रहे. भोजपुरी कलाकारों ने गीत-संगीत से महफिल सजाई. बृजभूषण ने शायरी के जरिए अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि मैं झुक जाता तो मसला हल हो जाता, पर इससे मेरे किरदार का कत्ल हो जाता.
उन्होंने कहा कि दुनिया में यौन उत्पीड़न आरोप का इतना बड़ा आंदोलन कभी नहीं हुआ. इस दौरान उनके पक्ष में मिला समर्थन अभूतपूर्व रहा. संतों के आशीर्वाद का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उनका जीवन अयोध्या के तपस्वियों का दिया हुआ है. बृजभूषण के साथ उनके बेटे और गोंडा विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह भी मौजूद रहे. समर्थकों में उत्साह देखते हुए उन्होंने कहा कि सत्य की जीत हुई है.