झारखंड के मैक्लुस्कीगंज में उग्रवादियों ने कंटेनर फूंका, एक मजदूर की जिंदा जलने से हुई मौत

Global Bharat 29 May 2024 01:42: PM 1 Mins
झारखंड के मैक्लुस्कीगंज में उग्रवादियों ने कंटेनर फूंका, एक मजदूर की जिंदा जलने से हुई मौत

झारखंड के मैक्लुस्कीगंज में भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के ऑप्टिकल फाइबर बिछाने में लगे एक कंटेनर को हथियारबंद उग्रवादियों ने फूंक दिया, जिससे एक मजदूर की जिंदा जलने से मौत हो गई है. वहीं ग्रामीण एसपी सुमित कुमार व एसएसपी ने घटना स्थल का दौरा किया है और मामले की जांच पड़ताल की है.

इसे लेकर ग्रामीण एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने घटनास्थल का दौरा किया और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के दुल्ली करम कोचा में एसआईपीएल कंपनी बीएसएनल का ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का काम कर रही है.

वहीं मंगलवार की रात अज्ञात हथियारबंद उग्रवादियों ने वहां धावा बोला और कंटेनर में आग लगा दी. इससे पहले उग्रवादियों ने फायरिंग कर दहशत फैलाया था.

बताया जा रहा है कि उग्रवादी बोतल में पेट्रोल भरकर लाये थे. पहले कंटेनर पर पेट्रोल छिड़का और उसके बाद उसमें आग लगा दी, जिससे एक मजदूर की मौत हो गई. जानकारी मिली है कि कंटेनर में आग लगाने के बाद अगले टायर में गोली मार दी.

वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद खलारी डीएसपी आरएन चौधरी, इंस्पेक्टर विजय सिंह, मैक्लुस्कीगंज के थाना प्रभारी गोविंद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. सीसीएल से रेस्क्यू टीम को बुलाया गया. तब तक कंटेनर पूरी तरह से जल गया था.

उग्रवादियों की आगजनी में कंपनी का कंटेनर और उसके अंदर रखा एचडीडी मशीन, डीजी ट्रैकर सहित अन्य सामान जलकर राख हो गए. लगभग एक करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान है और एक मजदूर की मौत हो गई है.

Recent News