अम्तला (दक्षिण 24 परगना, पश्चिम बंगाल): तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर सांसद अभिषेक बनर्जी के सांसद कार्यालय को अवैध निर्माण बताते हुए प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया. अम्तला-बारुइपुर रोड स्थित इस कार्यालय पर बुलडोजर चला दिया गया. शनिवार को अम्तला में भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती के बीच ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई. प्रशासन ने पहले ही नोटिस चिपकाकर दावा किया था कि यह भवन बिना अनुमति के बनाया गया है.
मौके पर स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता जमा हो गए. सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि कोई अप्रिय घटना न हो. यह कार्रवाई कोलकाता म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (KMC) द्वारा अभिषेक बनर्जी, उनके परिवार के सदस्यों और उनकी कंपनी Leaps and Bounds से जुड़ी 17 संपत्तियों को नोटिस जारी करने के बाद हुई है.
बीजेपी ने भी हाल ही में 43 संपत्तियों की सूची जारी की थी, जिन्हें वह अभिषेक बनर्जी से जोड़कर देख रही है. TMC ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि डेटाबेस में कई लोगों के नाम “अभिषेक बनर्जी” हैं, इसलिए सभी संपत्तियां एक ही व्यक्ति से संबंधित नहीं हैं. अभी तक अभिषेक बनर्जी या TMC की ओर से इस ध्वस्तीकरण पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
पश्चिम बंगाल में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों के बाद सत्ताधारी TMC पर संपत्ति संबंधी कार्रवाइयों का सिलसिला जारी है. इससे पहले भी TMC नेताओं से जुड़ी कई संपत्तियों पर कार्रवाई हुई है. यह घटना पश्चिम बंगाल की सियासी सरगर्मी को और बढ़ा रही है.