अंकिता भंडारी कांड में VIP नाम उछालकर सनसनी फैलाने वाली एक्ट्रेस उर्मिला सनावर पर केस दर्ज

Amanat Ansari 11 Apr 2026 09:27: PM 1 Mins
अंकिता भंडारी कांड में VIP नाम उछालकर सनसनी फैलाने वाली एक्ट्रेस उर्मिला सनावर पर केस दर्ज

Urmila Sanawar: उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड में पिछले साल सोशल मीडिया पर वीआईपी का नाम लेकर सनसनी फैलाने वाली एक्ट्रेस उर्मिला सनावर अब खुद मुश्किल में पड़ गई हैं. देहरादून पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. देहरादून की नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने उर्मिला सनावर पर आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.

आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर एक महिला की छवि खराब करने, उसके निजी मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने और उसके घर पर बुलडोजर चलवाने के लिए लोगों को उकसाने की कोशिश की. शिकायतकर्ता आरती गौड़ ने पुलिस को बताते हुए कहा कि सहारनपुर की रहने वाली उर्मिला सनावर अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट से लगातार उनके खिलाफ आपत्तिजनक और गलत टिप्पणियां पोस्ट कर रही हैं.

आरती का आरोप है कि उर्मिला ने उनके निजी मोबाइल नंबर को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद उन्हें लगातार अनजान नंबरों से धमकी भरे कॉल आने शुरू हो गए. इसके अलावा उर्मिला लोगों को भड़का रही हैं कि आरती के घर पर बुलडोजर चलाया जाए. इन हरकतों के कारण आरती गौड़ को गंभीर मानसिक परेशानी हो रही है.

नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने पुष्टि की कि उर्मिला सनावर के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. शिकायत के साथ कुछ सोशल मीडिया पोस्ट भी पुलिस को सौंपे गए हैं. बता दें कि उर्मिला पिछले साल अंकिता भंडारी हत्याकांड के दौरान सोशल मीडिया पर एक वीआईपी व्यक्ति का नाम उछालकर काफी चर्चा में आई थीं.

उनकी पोस्ट्स के चलते पूरे प्रदेश में हंगामा मच गया था, प्रदर्शन हुए थे और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अंकिता के परिवार से बात करनी पड़ी थी. बाद में इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी. अब उर्मिला खुद इसी तरह के आरोपों में फंस गई हैं और पुलिस जांच के दायरे में आ गई हैं.

actress urmila sanawar urmila sanawar fir urmila sanawar fir in dehradun urmila sanawar

Recent News