चंदौली : उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में भीषण गर्मी और लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. बबुरी स्थित पावर सबस्टेशन पर ग्रामीणों और बिजली उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया. नाराज लोगों ने पावर हाउस के गेट पर ताला जड़ दिया और घंटों प्रदर्शन करते हुए बिजली विभाग व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन रात से शुरू होकर दोपहर तक चलता रहा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
सबसे ज्यादा चर्चा एक वायरल वीडियो की हो रही है, जिसमें एक व्यक्ति फोन पर सांसद से बात करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर करता दिख रहा है. वीडियो में वह कहता सुनाई दे रहा है. सांसद जी! हमारी बीवी कह रही है कि कैसे भाजपा नेता हो, जब लाइट ही नहीं दिला पा रहे हो. यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि कई दिनों से बिजली की आंखमिचौली जारी है. भीषण गर्मी में घंटों कटौती होने से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और बड़ा किया जाएगा. वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों ने जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया है.