लखनऊ: बिजनौर की नगीना सीट से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बड़ी चुनौती दी है. सांसद का कहना है कि सीएम योगी में दम है तो बीजनौर से चुनाव लड़कर दिखाएं. ये बयान उन्होंने अमरोहा के हसनपुर में दी, जहां वो भीम आर्मी के प्रत्याशी शाहनवाज चौधरी के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान चंद्रशेखर ने कहा
'बिजनौर में दो रिजर्व सीटें हैं, छह जनरल सीटें हैं। सीना ठोंक करके किसी भी सीट पर आ जाएं, अगर उनको हराकर नहीं भेजा, तो राजनीति छोड़ दूंगा। हम आपके शहर में गए थे और चुनाव लड़कर आए थे। हार गए थे। जमानत जब्त हो गई थी। वह आपका क्षेत्र था। अगर आप लोकप्रिय हैं और वोटों की चोरी करके नहीं जीत रहे हैं, तो आइए बिजनौर आपका स्वागत करेगा, आइए मुकाबला कीजिए।'
गोरखपुर में हुई थी चंद्रशेखर की जमानत जब्त
इससे पहले चंद्रशेखर ने गोरखपुर से विधानसभा चुनाव लड़ा था. जहां उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को चुनौती देने के कई बड़े भाषण भी दिए थे. लेकिन नतीजा जो निकला उसने उन्हें शून्य पर लाकर रख दिया था. क्योंकि गोरखपुर के दलितों ने भी चंद्रशेखर के ऊपर भरोसा नहीं जताया था. यही वजह है कि उनकी गोरखपुर से जमानत भी जब्त हो गई थी. लेकिन अब वही चंद्रशेखर दावा कर रहे हैं कि योगी आदित्यनाथ बिजनौर से चुनाव लड़कर दिखाएं.
अखिलेश यादव अयोध्या के लिए दे चुके हैं चुनौती
ये कोई पहला वाकया नहीं है जब सीएम योगी को किसी नेता ने कहीं से चुनाव लड़ने की चुनौती दी हो. इससे पहले अखिलेश यादव भी उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दे चुके हैं. जिसका जवाब भी यूपी के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने दिया था.
हालांकि चंद्रशेखर की चुनौती का वो कोई जवाब देंगे इस बात पर संदेह है, क्योंकि कई राजनीति के जानकार कहते हैं कि नगीना सांसद अभी इतने बड़े नेता नहीं बने हैं कि वो योगी आदित्यनाथ को चुनौती दे सकें, इसलिए उनकी किसी चुनौती का जवाब योगी दें ये जरूरी नहीं है.