कोलकाता हादसे के बाद यूपी में सख्ती! सीएम योगी ने दुर्गा पंडाल सुरक्षा को लेकर जारी किए कड़े निर्देश

Amanat Ansari 18 Oct 2026 12:06 PM 1 Mins
कोलकाता हादसे के बाद यूपी में सख्ती! सीएम योगी ने दुर्गा पंडाल सुरक्षा को लेकर जारी किए कड़े निर्देश

लखनऊ: कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में 19 लोगों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर के दुर्गा पंडालों की सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं. सीएम योगी ने सभी जिलों के पुलिस कमिश्नरों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे पंडालों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करें.

प्रवेश और निकास द्वारों की जांच करें तथा सुनिश्चित करें कि आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) के लिए पर्याप्त इंतजाम हों. बिजली के कनेक्शनों की जांच भी अनिवार्य की गई है. सभी अधिकारियों को फील्ड में मौजूद रहने को कहा गया है. अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं. लापरवाही पर कार्रवाई भी हो सकती है.

क्यों बढ़ाई गई सतर्कता?

यूपी में 21 अक्टूबर तक दुर्गा पूजा महोत्सव चल रहा है. शहरों में सैकड़ों पंडाल लगे हैं, जहां डांडिया, मेले, पूजा-दर्शन और अन्य कार्यक्रम हो रहे हैं. रात के समय भीड़ बहुत बढ़ जाती है. कोलकाता हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने पूजा पंडालों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है.

सीनियर अधिकारी खुद निरीक्षण के लिए मैदान में उतरे हैं. प्रदेश में अभी तक कोई ऐसी घटना नहीं हुई है, लेकिन कोलकाता की घटना के बाद अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो.

Recent News