लाल किला विस्फोट के बाद CISF ने देशभर में जारी किया हाई अलर्ट; एयरपोर्ट, मेट्रो और सरकारी इमारतों पर कड़ी निगरानी

Amanat Ansari 10 Nov 2025 11:00: PM 2 Mins
लाल किला विस्फोट के बाद CISF ने देशभर में जारी किया हाई अलर्ट; एयरपोर्ट, मेट्रो और सरकारी इमारतों पर कड़ी निगरानी

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली को सोमवार शाम एक जोरदार विस्फोट ने हिला कर रख दिया. लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुए धमाके में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हो गए. धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास की तीन-चार गाड़ियां जलकर खाक हो गईं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना शाम करीब 6:52 बजे हुई, जब व्यस्त हेरिटेज जोन में लोगों की भारी भीड़ थी.

धमाके के तुरंत बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने पूरे देश में हाई अलर्ट जारी कर दिया. CISF द्वारा सुरक्षित सभी प्रमुख प्रतिष्ठानों, एयरपोर्ट, दिल्ली मेट्रो, लाल किला, सरकारी भवन, हेरिटेज साइट्स और अन्य महत्वपूर्ण इंस्टॉलेशन पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. CISF के प्रवक्ता ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कर्मी स्टैंडबाय मोड में हैं. दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI), रेलवे स्टेशंस और मेट्रो स्टेशंस पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है.

घायलों को तुरंत लोक नायक जय प्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल ले जाया गया, जहां 8 लोगों को मृत घोषित किया गया. तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. दिल्ली फायर सर्विसेज को शाम 7:05 बजे सूचना मिली और 7-10 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. आग पर 7:29 बजे काबू पा लिया गया. दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि धमाका एक धीमी गति से चल रही गाड़ी में हुआ, जो रेड लाइट पर रुकी थी. आसपास की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं.

गृह मंत्री अमित शाह ने घटना का संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के डायरेक्टर से बात की. उन्होंने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और फोरेंसिक साइंसेज डायरेक्टोरेट को टीमें मौके पर भेजने के निर्देश दिए. NSG की पोस्ट-ब्लास्ट टीम और NIA के जांचकर्ता साइट पर पहुंच चुके हैं. शाह ने सभी संभावनाओं की जांच करने का आश्वासन दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी स्थिति की ब्रिफिंग दी गई.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि दूर-दूर तक आवाज गूंजी. एक दुकानदार ने कहा, "मैंने जीवन में इतना तेज धमाका कभी नहीं सुना, तीन बार गिर पड़ा. लगा सब खत्म हो जाएगा." सड़क पर शरीर के अंग बिखरे पड़े थे और कई गाड़ियों के शीशे चटक गए. चांदनी चौक ट्रेडर्स एसोसिएशन ने आग की लपटों और जली गाड़ियों के वीडियो शेयर किए.

धमाके के बाद पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र (मुंबई), बिहार और उत्तराखंड में भी हाई अलर्ट जारी किया गया. संवेदनशील धार्मिक स्थलों, बॉर्डर एरिया और व्यस्त इलाकों में पैट्रोलिंग बढ़ा दी गई है. जांच में धमाके का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन आतंकी मॉड्यूल से जुड़े हालिया गिरफ्तारियों (फरीदाबाद में 2900 किलो विस्फोटक बरामद) ने आशंकाएं बढ़ा दी हैं. यह घटना दिल्ली में 14 साल बाद सबसे बड़ा विस्फोट है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

High alert CISF Alert Red Fort Blast

Recent News