गुरुग्राम: एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा 11 की छात्रा की मौत का मामला सामने आया है. परिवार का आरोप है कि बिना अनुमति बिरयानी खाने जाने पर टीचर द्वारा दी गई सजा से आहत होकर छात्रा ने यह कदम उठाया. घटना मंगलवार दोपहर करीब एक बजे की है.
पुलिस के अनुसार, छात्रा फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी स्थित स्कूल में पढ़ती थी. परिवार का कहना है कि वह बिना बताए बिरयानी खाने चली गई थी, जिसके बाद टीचर ने उसे डांटा और करीब चार घंटे कक्षा के बाहर खड़ा रखा. इससे वह काफी आहत हुई थी. छात्रा के पिता का दावा है कि उनकी बेटी पढ़ाई और अन्य मामलों में ठीक थी.
स्कूल प्रशासन ने इन आरोपों से इनकार किया है. प्रधानाध्यापक आर.के. शर्मा ने कहा कि छात्रा ने वॉशरूम जाने की अनुमति मांगी थी और इसके बाद घटना हुई. स्कूल स्टाफ ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि परिवार ने अभी तक पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है. शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद सही तस्वीर सामने आएगी.