नई दिल्ली: तिहाड़ जेल में बंद कश्मीरी अलगाववादी नेता यासीन मलिक ने अपनी पत्नी मुशाल मलिक को तलाक देने की इच्छा जताई है. आतंकवाद के मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहे मलिक ने जम्मू की TADA/POTA अदालत में दाखिल 25 पन्नों के हलफनामे में यह बात लिखी है. हलफनामे में उन्होंने पत्नी, मां और 13 वर्षीय बेटी रजिया सुल्ताना के लिए संदेश भी भेजे हैं.
मलिक ने लिखा है कि पिछले आठ साल से वह पत्नी से न फोन पर बात कर पाए और न वीडियो कॉल पर उन्हें देख पाए. जेल में परिवार से संपर्क की इजाजत नहीं मिली. पत्नी के नाम संदेश में उन्होंने कहा, ''मैं नहीं चाहता कि मुशाल अपनी पूरी जिंदगी इस हालात का बोझ उठाकर या एक विधवा की तरह जिए. मैं चाहता हूं कि वह सम्मान और उम्मीद के साथ अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू करे.'' उन्होंने यह फैसला बहुत दर्द में लिया है.
फांसी का डर
हलफनामे में मलिक ने कहा कि उनके सामने फांसी की सजा या लंबे समय तक जेल में रहने की आशंका है. इसलिए वह पत्नी को इस रिश्ते से आजाद करना चाहते हैं, ताकि उन्हें अनिश्चितता में जीवन न गुजारना पड़े. बेटी रजिया से उन्होंने कहा कि वह दादी का ख्याल रखें और रोज कम से कम पांच मिनट बात करें.
हलफनामा सामने आने के बाद रजिया ने एक वीडियो जारी कर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अगर पिता ने सच में मां को तलाक दे दिया तो वह अपनी जान दे देंगी. यासीन मलिक 2019 से टेरर फंडिंग मामले में जेल में हैं. मई 2022 में एनआईए अदालत ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी. एनआईए लगातार मृत्युदंड की मांग कर रही है. जम्मू में उनके खिलाफ एक हत्या मामले की सुनवाई भी चल रही है.