श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एक कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के रंगों वाले रिबन को काटने से साफ मना कर दिया. बुधवार को श्रीनगर के कश्मीर हाट एग्जीबिशन ग्राउंड में 'अपने कारीगर को जानें' नाम का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. जब सीएम उद्घाटन के लिए मंच पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि काटने के लिए लगाया गया रिबन तिरंगे के तीनों रंगों केसरिया, सफेद और हरा से बना हुआ है. इसे देखते ही उमर अब्दुल्ला ने रिबन काटने से इनकार कर दिया और आयोजकों को तुरंत निर्देश दिया कि रिबन को एक तरफ से खोल दिया जाए.
#WATCH | Srinagar | Jammu & Kashmir CM Omar Abdullah refuses to cut a tricoloured inaugural ribbon to mark the official opening of the two-day Handicrafts & Handloom Exhibition, instead asks the organisers to remove it and keep it safely pic.twitter.com/d2o6kYzKH2
— ANI (@ANI) April 15, 2026
इसके बाद उन्होंने बिना रिबन काटे कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी समेत कई विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे. उमर अब्दुल्ला का यह कदम राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के रूप में देखा जा रहा है.
उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज से जुड़ी मर्यादाओं का पूरा ध्यान रखा. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कई लोग इस संवेदनशीलता की सराहना कर रहे हैं. उमर अब्दुल्ला पहले भी राष्ट्रगान, राष्ट्रीय ध्वज और प्रोटोकॉल से जुड़े मामलों में काफी सतर्क और संवेदनशील रहने के लिए जाने जाते हैं.
उनके पिता फारूक अब्दुल्ला की राजनीतिक शैली हालांकि उनसे काफी अलग रही है. फारूक अब्दुल्ला अपने खुलकर बोलने वाले और आक्रामक अंदाज के लिए मशहूर रहे हैं, जबकि उमर अब्दुल्ला संयमित और मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हैं. दोनों ही नेताओं को देशभक्ति और धर्मनिरपेक्षता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए जाना जाता है.