उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ( CM Pushkar Singh Dhami) ने मंगलवार को रुड़की में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा आयोजित तिरंगा बाइक रैली (Uttarakhand Tiranga Bike Rally) में भाग लिया. मुख्यमंत्री ने खुद बाइक चलाकर रैली की शुरुआत की. इस तिरंगा यात्रा (Uttarakhand Tiranga Yatra) में सैकड़ों लोग बाइक पर सवार होकर शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र का गौरव तिरंगा देशभक्ति और देश के प्रति समर्पण का प्रतीक है. उन्होंने तिरंगा यात्रा को देश की एकता और अखंडता के प्रति संकल्प लेने का अभियान भी बताया. मुख्यमंत्री ने सभी से हर घर तिरंगा अभियान (Har Ghar Tiranga Abhiyan) को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील भी की.

सचिवालय में महिला समूहों के स्टालों का किया उद्घाटन
इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना (Chief Minister's Empowered Bahana Utsav Yojana) एवं मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण योजना (Chief Minister's Women Self Help Group Empowerment Scheme) के अंतर्गत महिला समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों का उद्घाटन किया था. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इन स्टालों का अवलोकन करते हुए स्थानीय उत्पाद (घी व अन्य उत्पाद) भी खरीदे. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में महिला स्वयं सहायता समूहों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है. समूहों के माध्यम से प्रदेश की महिलाएं बहुत अच्छे उत्पाद बना रही हैं.

समूहों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिल रही है तथा रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन से पूर्व स्वयं सहायता समूहों द्वारा राखियां बनाई जा रही हैं. सरकार महिलाओं को उनके उत्पादों को बेचने के लिए उनकी सुविधानुसार मंच उपलब्ध करा रही है. उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से आगामी रक्षाबंधन पर स्थानीय स्तर पर बनी राखियां व अन्य उत्पाद खरीदने का आग्रह किया.
बता दें कि सचिवालय में बड़ोवाला से देवभूमि स्वयं सहायता समूह, डाकपत्थर से वैभव लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह, रायपुर से मिलन स्वयं सहायता समूह, सहसपुर से आस्था क्लस्टर स्तरीय संघ, हल्द्वानी अल्मोड़ा से विकास क्लस्टर स्तरीय संघ, आस्था क्लस्टर स्तरीय संघ, वीरांगना क्लस्टर स्तरीय संघ तथा अन्य स्वयं सहायता समूह अपने उत्पाद बेच रहे हैं.