पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत एक क्लिक पर 1,423.94 करोड़ रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी. इस बड़ी सौगात से राज्य के 97.84 लाख पेंशनभोगियों को लाभ मिला है. डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) मोड के जरिए भेजी गई यह राशि वृद्धजन, विधवा महिलाओं, दिव्यांगजनों और अन्य पात्र लाभार्थियों के खातों में पहुंच गई.
सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से पेंशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह समाप्त हो गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
डीबीटी प्रणाली के माध्यम से योजनाओं का लाभ अब बिना किसी परेशानी और देरी के सीधे लोगों तक पहुंच रहा है. सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना बिहार सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं में शामिल है, जिसके तहत हर महीने पात्र लोगों को नियमित आर्थिक मदद दी जाती है. इस बार की डीबीटी से लाखों परिवारों को राहत मिली है. यह कदम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शासन में पारदर्शी और तेज गति से कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने की दिशा में एक और ठोस प्रयास माना जा रहा है.