जम्मू-कश्मीर के बच्चों का नाम लेकर कांग्रेस-एनसी पर बरसे CM योगी, जानें क्या कहा...

Global Bharat 07 Nov 2024 09:08: PM 4 Mins
जम्मू-कश्मीर के बच्चों का नाम लेकर कांग्रेस-एनसी पर बरसे CM योगी, जानें क्या कहा...

लखनऊ: छठ पूजा के पावन अवसर पर लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने आर्टिकल 370 और 35ए को लेकर कांग्रेस (Congress) और नेशनल कॉन्फ्रेंस (National Conference) पर कड़ा प्रहार किया. जम्मू-कश्मीर विधानसभा (Jammu and Kashmir Legislative Assembly) में पारित धारा-370 और 35ए की बहाली के प्रस्ताव पर सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और उनके साथी देश और घाटी को फिर से आतंकवाद की आग में झोंकना चाहते हैं. इनसे जम्मू-कश्मीर का विकास और वहां के बच्चों का उज्ज्वल भविष्य नहीं देखा जा रहा है. सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि इनकी विघटनकारी नीतियों को देश कभी स्वीकार नहीं करेगा.

140 करोड़ भारतवासी हर हाल में देश की एकता और अखंडता के पक्षधर हैं और जो इससे खिलवाड़ करेगा, उसे मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं. अगर कांग्रेस इस प्रस्ताव का विरोध नहीं करेगी तो उसका भी वही हाल होगा जो धारा 370 और 35ए का हुआ है. सीएम योगी अखिल भारतीय भोजपुरी समाज द्वारा छठ पर्व पर लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. अपने संबोधन में सीएम योगी ने छठ पर्व की महिमा का बखान करते हुए देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया.

उन्होंने कहा कि एक ओर जहां हम इन पर्व और त्योहारों के साथ जुड़ रहे हैं और लोगों को जोड़ रहे हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो भारत में रहकर भारत के अस्तित्व के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं. ऐसे लोगों को किसी भी भारतीय को बर्दाश्त नहीं करना चाहिए. जब हम जाति, मत-मजहब से बंटे होते हैं तो दुनिया के दूसरे लोग हम पर राज करते हैं, लेकिन जब हम 140 करोड़ एक साथ बोलेंगे तो भारत की तरफ कोई नजर उठा कर नहीं देख पाएगा.

सीएम योगी ने कहा कि 5 अगस्त 2019 को पीएम नरेंद्र मोदी ने कश्मीर से आर्टिकल-370 और 35ए समाप्त करके घाटी से आतंकवाद के ताबूत में अंतिम कील ठोंकने का काम किया. इस पर संसद से मुहर लगी और संविधान से जम्मू-कश्मीर की यह विशेष धारा खत्म हो गई. तब दुनिया ने भारत की ताकत का एहसास किया, दुनिया ने देखा ये नया भारत है, ये किसी को नुकसान नहीं पहुंचाएगा, लेकिन अगर कोई छेड़ेगा तो छोड़ेगा भी नहीं.

हम अपने राष्ट्र के अस्तित्व और अस्मिता की रक्षा के लिए सबकुछ न्योछावर करने के लिए तैयार हैं. भारत की अखंडता और एकता के लिए जो भी कदम उठाने की जरूरत पड़ेगी, भारत वो कदम उठाने से हिचकेगा नहीं. मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि बाबा साहब अंबेडकर की आपत्ति के बावजूद कांग्रेस ने कश्मीर के साथ आर्टिकल 370 जोड़कर आतंकवाद का गढ़ बनाने की कुचेष्ठा की थी.

कश्मीर में हिंसा होती थी, कश्मीरी पंडितों का कत्ल होता था, जो भी भारत के पक्ष में बोलता था, उसका सामूहिक नरसंहार होता था. तब कांग्रेस ने कहा था ये अस्थाई प्रावधान है, लेकिन कोई भी इसे हटा नहीं पाया, लेकिन पीएम मोदी ने इस धारा को हटाने का काम किया. आज कश्मीर विकास की नई राह पर है. आज वहां प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा के कई संस्थान हैं, अस्पताल हैं, कई तरह के उद्योग-धंधे लगे हैं. जिस कश्मीर से लाखों की संख्या में लोगों को पलायन करने पर मजबूर होना पड़ा था, वहां पीएम मोदी ने आज सुरक्षा की गारंटी दी और धारा 370 को समाप्त किया.

सीएम योगी ने कहा कि आज जब कश्मीर विकास की नई राह पर है तब वहां की कांग्रेस और जम्मू-कश्मीर की नेशनल कॉन्फ्रेंस की सरकार ने आर्टिकल 370 और 35 ए को बहाल करने के लिए विधानसभा में एक प्रस्ताव पारित कर दिया. ये कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस की विघटनकारी मानसिकता को प्रदर्शित करता है. ये बताता है कि राष्ट्रीय एकता के साथ खिलवाड़ करके देश को फिर आतंकवाद की आग में झोंकना चाहते हैं. पूरा देश कांग्रेस के इस विघटनकारी कृत्य को देख रहा है. कांग्रेस को देश की एकता के साथ खिलवाड़ करने से बाज आना चाहिए, हम सभी इसकी निंदा करते हैं.

सीएम योगी ने कहा कि आर्टिकल 370 समाप्त हो चुका है, वो अब फिर से लागू नहीं हो सकता. यह घाटी में कत्लेआम की जड़ है, आतंकवाद की जड़ है, हिंसा की जड़ है और लाखों निर्दोष लोगों के नरसंहार का कारण है. यह कश्मीरी पंडितों के खून से सनी धारा है. इसने कश्मीर के सुगंध और धरती के स्वर्ग को मजहबी उन्माद में बदलने का काम किया और सामाजिक सद्भाव को तहस-नहस करने का काम किया.

यह आर्टिकल 370 और 35ए कश्मीर में आतंकवाद का वेयर हाउस बन गया था. सीएम योगी ने कहा कि हम कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस से कहना चाहते हैं कि कश्मीर में जो इस तरह का दुस्साहस आपकी सरकार कर रही है, उससे एक बार फिर विघटन की बू आ रही है और देश उसे कभी स्वीकार नहीं करेगा. 140 करोड़ भारतवासी हर हाल में देश की एकता और अखंडता के पक्षधर हैं और जो इससे खिलवाड़ करेगा, उसको मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार भी हैं. सीएम योगी ने कहा कि छठ पर्व के अवसर पर मैं कांग्रेस से कहूंगा कि वह जम्मू कश्मीर विधानसभा में पारित इस प्रस्ताव के खिलाफ स्वंय बोले, अन्यथा कांग्रेस की वही दशा हो जाएगी जो कश्मीर में धारा 370 और 35ए की हुई है. 

CM Yogi Adityanath Article 370 Article 335A Congress National Conference Jammu and Kashmir Assembly

Description of the author

Recent News