नई दिल्ली: सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अचानक मुरादाबाद पहुंचे और सर्किट हाउस में करीब डेढ़ घंटे तक चली बंद कमरे की मैराथन बैठक में BJP के मंडल स्तरीय नेताओं, सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गहन चर्चा की. पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक बैठक का फोकस मुख्य रूप से दो बड़े मुद्दों पर था.
मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर ठीक 10:50 बजे सर्किट हाउस के हेलीपैड पर लैंड किया. इसके ठीक 10 मिनट बाद यानी 11 बजे से बैठक शुरू हो गई. सुरक्षा के इतने सख्त इंतजामों के बीच कि सर्किट हाउस परिसर पूरी तरह छावनी में तब्दील हो गया. दो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, तीन क्षेत्राधिकारी, छह थाना प्रभारी, 28 दरोगा, 73 सिपाही और 17 महिला कांस्टेबल सहित कुल 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए. बिना पास किसी को भी अंदर घुसने की इजाजत नहीं थी.
बैठक में मुरादाबाद मंडल के सभी बड़े चेहरे मौजूद रहे. चर्चा के दौरान स्थानीय स्तर पर चल रहे विकास प्रोजेक्ट्स, SIR से जुड़े संवेदनशील मामलों की फाइल-दर-फाइल समीक्षा और पंचायत चुनाव में पार्टी की तैयारियों पर विस्तार से मंथन हुआ. दोपहर करीब 12:40 बजे बैठक खत्म हुई. इसके तुरंत बाद CM योगी बिना किसी जनसभा या स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत किए सीधे हेलीपैड पर पहुंचे और पहले बरेली और फिर गाजियाबाद के लिए रवाना हो गए.
पार्टी नेताओं का कहना है कि यह बैठक पूरी तरह “हाई-प्रोफाइल रिव्यू और स्ट्रैटेजिक प्लानिंग” के लिए थी, इसलिए इसे जानबूझकर कम प्रचार में रखा गया. माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव से पहले प्रदेश के कई और मंडलों में ऐसी ही गोपनीय बैठकों का दौर चलेगा.