लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. अपने संदेश में उन्होंने कहा कि विजयादशमी का यह पर्व समाज को अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का शाश्वत संदेश देता है.
भगवान श्रीराम का आदर्श
मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने विजयादशमी के दिन ही अधर्म और अन्याय के प्रतीक रावण का संहार कर धर्म की स्थापना की थी. यह पर्व भारतीय संस्कृति में सत्य, न्याय और धर्म के प्रति हमारी अटूट आस्था का प्रतीक है.
सीएम योगी ने बताया कि भगवान श्रीराम भारतीय जीवन-मूल्यों के सर्वोच्च आदर्श हैं. उनका जीवन हमें सत्य, मर्यादा, न्याय, त्याग, परोपकार और लोक कल्याण के प्रति पूरी निष्ठा से समर्पित होने की प्रेरणा देता है. श्रीराम का चरित्र सिखाता है कि अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए समाज और राष्ट्र हित में निरंतर कार्य करना चाहिए.
अहंकार त्यागने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने नवरात्रि और विजयादशमी के सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आदिशक्ति माँ दुर्गा की नौ दिनों तक आराधना के बाद मनाया जाने वाला यह पर्व शक्ति और धर्म की विजय का उत्सव है. यह हमें अपने जीवन से अहंकार, अन्याय और नकारात्मक प्रवृत्तियों को समाप्त कर सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है.
सीएम योगी ने अपील की कि सभी प्रदेशवासी पर्व की गरिमा और पवित्रता को बनाए रखते हुए इसे पूरी श्रद्धा, उल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं. उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह पर्व उत्तर प्रदेश में शांति, सौहार्द और समृद्धि को और अधिक सुदृढ़ करे.