बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में दुर्गा पूजा की खुशियां मातम में बदल गईं. कोतवाली देहात क्षेत्र के बेलहा गांव में शनिवार रात करीब 11 बजे दुर्गा मंदिर के बाहर सड़क किनारे बैठे लोगों को एक तेज रफ्तार फोर्ड कार ने रौंद दिया. इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्गा पूजा की आरती के बाद कुछ लोग सड़क किनारे बैठकर आराम कर रहे थे.
तभी एक बेकाबू फोर्ड कार ने जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें कुचल दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और भारी शोक का माहौल छा गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने फोर्ड कार को कब्जे में ले लिया और आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है. जांच चल रही है कि क्या ड्राइवर नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था.
हादसे की खबर मिलते ही सीएमओ और अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों के इलाज और स्थिति की जानकारी ली. अस्पताल प्रशासन बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में लगा है. गांव के पूर्व प्रधान राज बहादुर सिंह ने भी घटना पर गहरा दुख जताया. पुलिस और प्रशासन पीड़ितों को हर संभव मदद दे रहे हैं. कानूनी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है. यह घटना सड़क सुरक्षा के महत्व और नियमों के पालन की याद दिलाती है.