दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) मंगलवार को इस्तीफा दे सकते हैं और उसी दिन नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान भी कर दिया जाएगा ऐसी संभावना जताई जा रही है. आम आदमी पार्टी (AAP) की तरफ से जानकारी दी गई है कि कल सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री के आवास पर बैठक होगी. सीएम केजरीवाल मंगलवार शाम 4:30 बजे उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर अपना इस्तीफा सौंपेंगे. उसी समय विधायक दल का नव-चयनित नेता मुख्यमंत्री पद के लिए दावा पेश करेगा.
इसे लेकर आप नेता संदीप पाठक ने कहा कि अगले 1-2 दिनों के भीतर दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री का फैसला कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि विधायक दल की बैठक में एक नाम का चयन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल (CM (Arvind Kejriwal) सत्ता के मोह में नहीं हैं, उन्हें अपना सम्मान सबसे ज्यादा प्रिय है. इससे पहले आज AAP सांसद राघव चड्ढा, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत और आतिशी सीएम केजरीवाल के आवास पर बैठक में शामिल हुए.
AAP अपनी राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक कर रही है. CM केजरीवाल अपने इस्तीफे की घोषणा के बाद मंगलवार को एलजी सचिवालय में उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात करेंगे. बैठक शाम 4:30 बजे होगी. पार्टी सूत्रों ने बताया है कि अरविंद केजरीवाल के मंगलवार को दिल्ली के सीएम पद से इस्तीफा देने की उम्मीद है.
गौरतलब हो कि केजरीवाल ने रविवार को घोषणा की थी कि वह इस्तीफा दे देंगे और तब तक सीएम की कुर्सी नहीं संभालेंगे, जब तक दिल्ली के लोग उन्हें "ईमानदार" घोषित नहीं कर देते. यानी उन्होंने चुनाव में जाने जैसी बात कही थी. उन्होंने दिल्ली में फरवरी में होने वाले चुनावों से पहले इस साल नवंबर में चुनाव कराने का भी आह्वान किया है.
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर जनता उन्हें फिर से चुनती है, तो यह उनकी ईमानदारी का "प्रमाणपत्र" होग. उन्होंने कहा कि वह महाराष्ट्र के चुनावों की तरह ही जल्द चुनाव कराने पर जोर देंगे. वहीं केजरीवाल के इस्तीफे की घोषणा के बाद बीजेपी ने इसे "पीआर स्टंट" करार दिया और दावा किया कि वह अपनी छवि को फिर से बनाने की कोशिश कर रहे हैं.