हिंदी सिनेमा की सबसे मुनाफे वाली भक्ति फिल्म! ‘हनुमान अंश’ 11 सितंबर को दुनियाभर में रिलीज

Amanat Ansari 04 Sep 2026 12:56 PM 1 Mins
हिंदी सिनेमा की सबसे मुनाफे वाली भक्ति फिल्म! ‘हनुमान अंश’ 11 सितंबर को दुनियाभर में रिलीज

मुंबई: नीम करोली बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर दिया है. महज 2 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस फिल्म ने 28 दिनों में 3644% का मुनाफा कमा लिया है. अब इसे 11 सितंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा.

प्रोडक्शन हाउस होम्बले फिल्म्स (जिन्होंने ‘केजीएफ’ और ‘कांतारा’ जैसी ब्लॉकबस्टर दी हैं) ने गुरुवार को घोषणा की कि उनकी इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन यूनिट ‘होम्बले ओवरसीज’ के जरिए फिल्म विदेशों में प्रदर्शित होगी. होम्बले फिल्म्स ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर लिखा, “आस्था में रची-बसी एक कहानी. सीमाओं से परे एक यात्रा. नीम करोली बाबा महाराज जी की आध्यात्मिक यात्रा अब पूरी दुनिया तक पहुंचेगी.”

फिल्म 7 अगस्त को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. शुरुआत धीमी रही, लेकिन दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद रफ्तार पकड़ी. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, अब तक फिल्म ने 72.97 करोड़ रुपए की ग्रॉस और 61.88 करोड़ रुपए की नेट कमाई दर्ज की है. इसे हिंदी सिनेमा की सबसे मुनाफे वाली भक्ति फिल्म माना जा रहा है.

विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित ‘हनुमान अंश’ की कहानी डॉ. राम भोसले के इर्द-गिर्द घूमती है. एक भारतीय स्वतंत्रता सेनानी की भूमिगत क्रांतिकारी से योगी बनने तक की यात्रा नीम करोली बाबा (महाराज जी) के मार्गदर्शन में आगे बढ़ती है. फिल्म आस्था, सेवा और आंतरिक परिवर्तन जैसे विषयों पर आधारित है. होम्बले फिल्म्स की इस घोषणा के साथ अब अंतरराष्ट्रीय दर्शक भी नीम करोली बाबा की आध्यात्मिक कहानी से जुड़ सकेंगे.

Neem Karoli Baba Devotional film Hanuman Ansh Hanuman Ansh Worldwide

Recent News