नई दिल्ली: विपक्षी INDIA गठबंधन में 8 जून को होने वाली महत्वपूर्ण बैठक से ठीक पहले बड़ी फूट पड़ गई है. द्रमुक (DMK) ने बैठक का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया है, जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPI-M) भी कांग्रेस के रवैये से बेहद नाराज हैं. DMK की नाराजगी का कारण तमिलनाडु में कांग्रेस द्वारा उसके साथ संबंध तोड़कर अभिनेता विजय की पार्टी TVK के साथ हाथ मिलाना बताया जा रहा है.
JMM को क्या आया गुस्सा
झारखंड में कांग्रेस ने दो राज्यसभा सीटों में से एक पर अपने AICC प्रभारी प्रणव झा को उम्मीदवार घोषित कर दिया. इससे JMM काफी नाराज है. JMM दोनों सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारना चाहती है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली JMM ने पहले ही एक सीट पर पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बना दिया है.
CPI(M) का तीखा हमला
CPI(M) के महासचिव एम.ए. बेबी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सख्त पत्र लिखा है. पत्र में उन्होंने केरल विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और खरगे पर आरोप लगाया कि उन्होंने CPI(M) और पिनाराई विजयन के खिलाफ सुनियोजित अभियान चलाया और बीजेपी से गुप्त सांठगांठ का आरोप लगाया. बेबी ने सवाल किया कि क्या यह मोदी सरकार को विपक्षी नेता के खिलाफ ED कार्रवाई के लिए न्योता देना था?
गठबंधन पर सवाल
INDIA गठबंधन की बैठक से पहले इन घटनाक्रमों ने गठबंधन की एकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. कई राजनीतिक विश्लेषक इसे लोकसभा चुनाव 2024 के बाद गठबंधन के टूटने के संकेत के रूप में देख रहे हैं. अभी देखना यह होगा कि 8 जून को बैठक होती है या नहीं और कांग्रेस गठबंधन सहयोगियों को मनाने में कितना सफल होती है.