चंडीगढ़: हरियाणा के राज्यपाल और दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स, रोहतक के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय ने डॉ. अमित आर्य को विश्वविद्यालय का नया वाइस चांसलर नियुक्त किया है. यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है.
डॉ. अमित आर्य एक अनुभवी पत्रकार और मीडिया सलाहकार रहे हैं. उन्होंने दिल्ली, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में लगभग दो दशकों तक पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दी हैं. वह हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र हैं और अपने छात्र जीवन में छात्रसंघ के सचिव के रूप में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं. इसके अलावा, डॉ. आर्य ने 2014 से 2019 तक हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के मीडिया सलाहकार के रूप में कार्य किया. उन्होंने चार साल तक दिल्ली और चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार की जिम्मेदारी भी संभाली.
पिछले वर्ष केंद्र सरकार ने उन्हें वरिष्ठ मीडिया कंसलटेंट के रूप में नियुक्त किया था, जहां उन्होंने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को सुझाव देने का महत्वपूर्ण कार्य किया.
हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने इस नियुक्ति पर विश्वास जताया कि डॉ. आर्य के अनुभव और नेतृत्व कौशल से दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद मिलेगी. यह विश्वविद्यालय कला, संस्कृति और परफॉर्मिंग आर्ट्स के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए जाना जाता है, और डॉ. आर्य की नियुक्ति से इसकी शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है.